RegionalTop News

पटना फायरिंग मामले में बढ़ीं खान सर की मुश्किलें, FIR दर्ज, बोले- सेल्फ डिफेंस में हुई थी फायरिंग

पटना में हाल ही में सामने आए फायरिंग विवाद में चर्चित शिक्षक और कोचिंग संचालक खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कदमकुआं थाना पुलिस ने फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई कोचिंग परिसर से जुड़े एक वायरल वीडियो और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और घटना के दौरान मौजूद सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। वहीं, खान सर ने कहा है कि उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं है, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

खान सर ने दी सफाई

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने कहा कि यदि फायरिंग हुई है तो वह आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के तहत सुरक्षा गार्डों द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है और वही इस पूरे मामले को देखेगी।

क्या है पूरा विवाद?

जानकारी के अनुसार, पटना के कदमकुआं स्थित एक कोचिंग परिसर में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का एक प्रचार बैनर लगा हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने उस पोस्टर को फाड़ दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद खान ग्लोबल स्टडीज कैंपस के बाहर हंगामे, ईंट-पत्थरबाजी, होर्डिंग तोड़फोड़ और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फायरिंग के दावे पर जांच जारी

घटना के बाद खान सर ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि उनके संस्थान के बाहर कई राउंड फायरिंग की गई थी। इस बयान के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बन गया।हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की प्रारंभिक जांच के बाद पटना पुलिस ने कहा कि अब तक बाहरी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH