नई दिल्ली। दिल्ली की अंबेडकर बस्ती में दो बहनों की गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है।
दोनों बहनों को गोली मारने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस को इस संबंध में सुबह साढ़े चार बजे पीसीआर कॉल मिली। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि आर.के. पुरम के अंबेडकर बस्ती में उसकी दो बहनों को गोली मारी गई है।
पिंकी (30) और ज्योति (29) को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा, हमारी शुरुआती जांच में पता चला है कि भाई और हमलावरों के बीच पैसों को लेकर विवाद था।
अधिकारी ने बताया कि शुरू में इस संबंध में आर्म्स एक्ट की धाराओं के साथ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। बाद में उन्होंने मामले में आईपीसी की धारा 302 (हत्या) जोड़ी है।




