कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब उसका असर सरकारी संस्थानों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी दिखाई देने लगा है। कोलकाता पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो कर दिया है। वहीं, नई फॉलोइंग लिस्ट में मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम जुड़ गए हैं।
नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले बड़ा बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोलकाता पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट में यह बदलाव मतगणना के बाद देखा गया। बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और नई सरकार के गठन से पहले हुए इस बदलाव ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स इसे सत्ता बदलने के साथ प्रशासनिक प्राथमिकताओं में आए बदलाव के तौर पर देख रहे हैं, जबकि विपक्षी समर्थक इसे राजनीतिक निष्ठा बदलने से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।
भवानीपुर में ममता को मिली बड़ी हार
2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की। भवानीपुर में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इससे पहले 2021 में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी।
15 साल बाद बंगाल में सत्ता परिवर्तन
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में टीएमसी के 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया। राज्य की राजनीति में यह बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले बंगाल में 34 साल तक वामपंथी दलों का शासन रहा था। अब एक बार फिर बंगाल की राजनीति में ‘परिवर्तन’ की गूंज सुनाई दे रही है।




