Top NewsUttar Pradesh

बहराइच में तेंदुए का आतंक: चारपाई से बच्ची को उठा ले गया, मां ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान

बहराइच  जिले के मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के ककरा इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और चारपाई पर सो रही 7 वर्षीय बच्ची को उठाकर ले जाने लगा। हालांकि मां ने बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए से भिड़कर अपनी बेटी की जान बचा ली। बच्ची की मां सबुरुन ने बताया कि उनकी बेटी समा उनके साथ मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान रात में अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और मच्छरदानी फाड़कर बच्ची को जबड़े में दबाकर ले जाने लगा। बच्ची की चीख सुनते ही मां की नींद खुल गई।

अपनी बेटी को तेंदुए के चंगुल में देखकर सबुरुन बिना डरे उसके पीछे दौड़ पड़ीं। उन्होंने हिम्मत के साथ तेंदुए का सामना किया और संघर्ष करते हुए बच्ची को उसके जबड़े से छुड़ा लिया। विरोध बढ़ता देख तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में बच्ची समा घायल हो गई, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग मां की बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना बेटी को बचाने के लिए जिस साहस का परिचय दिया, वह मिसाल बन गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH