नई दिल्ली। उमेश पाल हत्याकांड को लेकर प्रयागराज पुलिस ने अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और उसके करीबी गुड्डू मुस्लिम और साबिर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. इसकी जानकारी जांच से जुड़े अधिकारियों ने दी. अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस शाइस्ता परवीन के नाम पर 50 हजार रुपये का इनाम पहले ही घोषित कर चुकी है. तमाम कोशिशों के बावजूद पुलिस शाइस्ता परवीन और अन्य दो का पता नहीं लगा पा रही है. ऐसे में अधिकारियों का मानना है कि ये लोग देश से बाहर भाग सकते हैं.
अंत में जाकर अधिकारियों ने इन तीनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. अधिकारियों ने कहा कि प्रयागराज पुलिस ने पहले ही इस संबंध में अपनी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को भेजी चुकी है और इसी के आधार पर उनके खिलाफ देश छोड़ने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. नोटिस की अवधि 1 साल के लिए होगी. सभी चेकप्वाइंट को लुकआउट नोटिस भेज दिया गया है और यदि वे देश से बाहर भागने की कोशिश करते हुए पकड़े जाते हैं, तो प्रयागराज पुलिस को संबंधित एजेंसियों से अलर्ट प्राप्त होगा.
यूपी पुलिस ने बीते 9 अप्रैल को मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम दोगुना कर दिया था. पुलिस ने शाइस्ता पर 50,000 रुपये का इनाम रखा है. यूपी पुलिस ने 19 अप्रैल को शाइस्ता की तलाश में उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में छापेमारी भी की थी.पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और आसपास के इलाकों में अभी भी तलाशी अभियान जारी है. 13 अप्रैल को एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में अतीक के बेटे असद अहमद के मारे जाने और बाद में अतीक और उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हत्या के बाद से ही शाइस्ता फरार है.




