आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 20 ओवर में मैच टाई होने के बाद फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां केकेआर ने बाजी मार ली। इस सीजन का यह पहला सुपर ओवर मुकाबला था, जिसने देर रात तक फैंस को बांधे रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बनाए और एलएसजी को 156 रनों का लक्ष्य दिया। यह लक्ष्य आसान माना जा रहा था, लेकिन एलएसजी की शुरुआत खराब रही। मिचेल मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। ऋषभ पंत ने 42 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन का फ्लॉप प्रदर्शन टीम पर भारी पड़ा। उन्होंने 12 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाए, जिससे मैच फंस गया। हालांकि मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को टाई करा दिया और एलएसजी को एक और मौका मिला। सुपर ओवर में भी एलएसजी की किस्मत नहीं बदली। टीम ने एक बार फिर निकोलस पूरन पर भरोसा जताया, लेकिन वह पहली ही गेंद पर सुनील नारायण की गेंद पर बोल्ड हो गए। सुपर ओवर में एलएसजी केवल 2 रन ही बना सकी, जिसे केकेआर ने आसानी से हासिल कर मैच जीत लिया।
निकोलस पूरन का इस सीजन में खराब फॉर्म जारी है। अब तक वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 22 रन रहा है। कई बार सिंगल डिजिट पर आउट होने वाले पूरन इस मैच में भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और एलएसजी की हार के बड़े कारण बन गए।




