NationalTop News

दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, दो की मौत, मलबे में 15 लोगों के दबे होने की आशंका

राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने मलबे से एक शव बरामद किया है. वहीं, कई लोगों के घायल होने की भी खबर है. दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में करीब 15 लोगों के दबे होने की आशंका है. घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. NDRF और दमकल विभाग की टीमें मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.

सुबह 9:50 बजे हुआ हादसा, चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गिरी इमारत

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के नजदीक गली सितारा में हुआ. निर्माणाधीन इमारत के अचानक ढहने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव दल सावधानी से अभियान चला रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. फिलहाल मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश जारी है.

दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का छठा बड़ा हादसा

राजधानी में इस साल इमारत ढहने की यह छठी बड़ी घटना बताई जा रही है. इससे पहले साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में भी इमारतें गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इन पांच हादसों में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है. मृतकों में कई छात्र भी शामिल थे. लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने राजधानी में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH