NationalTop News

दिल्ली मर्डर केस में बड़ा खुलासा: अलवर में दुष्कर्म के बाद आया आरोपी, फिर IRS अधिकारी की बेटी की हत्या, होटल से गिरफ्तार

दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र निवासी राहुल के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली में हत्या से कुछ घंटे पहले अलवर में अपने परिचित के घर जाकर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में अलवर पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अलवर गया था। वहां से वह किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर निकला और अपने दोस्त के घर पहुंचा, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह दिल्ली आया और अमर कॉलोनी में हत्या की घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने खून से सने कपड़े और जूते बदल लिए और उन्हें घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने हत्या के बाद घर में लूटपाट भी की, जिसका कुछ सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी पर ऑनलाइन गेमिंग के कारण कर्ज में होने की बात भी सामने आई है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपी की गतिविधियों पर शक हुआ। फुटेज में एक व्यक्ति पीली शर्ट और काली पैंट में घर में प्रवेश करता दिखा, जबकि बाहर निकलते समय उसने सफेद पैंट पहन रखी थी और उसके पास एक काला बैग था।

आरोपी की पहचान होने के बाद दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी की। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH