NationalTop News

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 की मौत, कई घायल

गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 15 लोग घायल हो गए। विस्फोट वस्त्राल इलाके के रामोल-गतराड रोड स्थित फैक्ट्री में हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण फैक्ट्री में काम कर रहे कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से चार का इलाज एलजी अस्पताल और तीन का असरवा सिविल अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। घटना स्थल के पास आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) का कैंप होने के कारण धमाके की आवाज सुनते ही वहां तैनात जवान सबसे पहले मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही जवानों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को रोका जा सके। हादसे के बाद अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, अहमदाबाद नगर निगम के फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जोन-8 के डीसीपी मयूर पाटिल और सेक्टर-2 के जेसीपी जयपाल सिंह राठौड़ समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री के अवैध रूप से संचालित होने की बात सामने आई है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH