NationalTop News

दिल्ली के लोधी कॉलोनी में भीषण आग: घर में फंसी मां और दो बेटियों की मौत, एक घंटे में पाया गया काबू

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार को एक घर में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 10:21 बजे आग लगने की सूचना मिली। घटना बी.के. दत्त कॉलोनी, लोधी थाना क्षेत्र की है। दमकल कर्मियों ने करीब 11:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक घर के अंदर मौजूद मां और उनकी दो बेटियां जान गंवा चुकी थीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

फतेह नगर में भी पार्किंग में लगी थी आग

इसी दिन तड़के दिल्ली के फतेह नगर इलाके में एक पार्किंग में भी आग लग गई थी। सुबह करीब 3:50 बजे हुई इस घटना में पार्किंग में खड़े चार वाहन जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से दो एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे आग और तेजी से फैल गई।दमकल की नौ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

हाल के दिनों में सामने आए कई बड़े अग्निकांड

दिल्ली में हाल के सप्ताहों में आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। 5 जुलाई को चंदन होला स्थित एक बड़े कारखाने में लगी आग को बुझाने में दमकल विभाग को आठ घंटे से अधिक समय लगा था। करीब 5,000 वर्ग गज में फैले कारखाने में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियों को लगाया गया था। इसके अलावा 24 जून को उद्योग भवन क्षेत्र के पास मजदूरों के अस्थायी कैंप में भी भीषण आग लग गई थी, जिसमें करीब 200 अस्थायी आवास जलकर खाक हो गए थे। हालांकि उस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी।

इससे पहले तुगलकाबाद की एक पांच मंजिला इमारत में लगी आग में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि दमकल कर्मियों ने आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH