RegionalTop News

मेयर वनीत धीर के ड्रीम प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी, बिस्त दोआब नहर किनारे लगेगी ग्रिल, दो नई पुलियों के निर्माण का रास्ता भी साफ

पंजाब सरकार ने मेयर वनीत धीर के बहुप्रतीक्षित ड्रीम प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से अटका यह प्रोजेक्ट अब जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इसके तहत शहर के बीच से गुजरने वाली बिस्त दोआब नहर के दोनों किनारों पर लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में लोहे की ग्रिल लगाई जाएगी। यह ग्रिल डेविएट के पास रेलवे लाइन से लेकर गाखला पुल तक लगाई जाएगी, ताकि लोग नहर में कचरा न फेंक सकें और स्वच्छता को बढ़ावा मिले।

मेयर की पहल से वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण मुद्दे के समाधान की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। इसी के साथ शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के नजदीक नहर पर दो नई पुलियों के निर्माण को भी मंजूरी मिल गई है। पुलियों का डिजाइन एनआईटी द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है, और इन पर कुल 5.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एक पुलिया गुलाब देवी रोड पर तैयार होगी, जबकि दूसरी छोटी नहर के किनारे आर्य नगर के पास बनाई जाएगी।

गुलाब देवी अस्पताल रोड स्थित पुरानी पुली लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। पुली के तंग और टूटे हिस्सों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। क्षेत्र में रिहायशी कालोनियों और बड़े गोदामों की भरमार होने के कारण भारी वाहन लगातार गुजरते हैं, लेकिन पुली के संकरे होने से आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती थी। नगर निगम के बी एंड आर विभाग की लापरवाही के चलते पुली की न तो मरम्मत हो पाई और न ही इसे चौड़ा करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया।

जनवरी 2025 में पदभार संभालते ही मेयर वनीत धीर ने अधिकारियों को पुली का सर्वे कराकर नया निर्माण करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन सिंचाई विभाग की एनओसी के अभाव में फाइल वर्षों तक अटकी रही। वहीं, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर वेल्फेयर सोसायटी के प्रधान प्रभुनैनजोत सिंह गोगा पिछले तीन वर्ष से पुली को चौड़ा करवाने के प्रयासों में जुटे रहे, पर हर बार मामला लटकता रहा।

मौजूदा पार्षद पति बॉबी शर्मा और पूर्व पार्षद मिंटू गुर्जर ने भी कई बार इस मुद्दे को उठाया, लेकिन बी एंड आर विभाग की उदासीनता के चलते कोई प्रगति नहीं हो सकी। अब मेयर वनीत धीर की सक्रियता के परिणामस्वरूप प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। प्रधान प्रभुनैनजोत सिंह गोगा ने मेयर का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और ट्रैफिक तथा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH