Top NewsUttar Pradesh

मेरठ सर्पदंश हत्याकांड: जेल में दामिनी की पहली रात बेचैनी में बीती, बेटे से मिलने की जताई इच्छा

मेरठ के चर्चित सर्पदंश हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में भेजी गई आरोपी दामिनी की पहली रात जेल में बेचैनी और खामोशी के बीच गुजरी। जेल प्रशासन के अनुसार, दामिनी लंबे समय तक बैरक में गुमसुम बैठी रही, भोजन नहीं किया और बार-बार अपने बेटे से मिलने की इच्छा जताती रही। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दामिनी को महिला बैरक संख्या 12A में रखा गया। शुरुआती घंटों में उसने किसी से बातचीत करने में रुचि नहीं दिखाई और बीच-बीच में भावुक होकर रोती रही।

रातभर नहीं आई नींद, बेटे की चिंता सताती रही

जेल अधिकारियों के मुताबिक, दामिनी ने पहले दिन भोजन करने से इनकार कर दिया। बैरक में मौजूद महिला बंदियों ने बताया कि वह पूरी रात करवटें बदलती रही। बेचैनी बढ़ने पर वह कुछ देर टहलती और फिर चुपचाप अपने बिस्तर पर लौट जाती। अधिकारियों का कहना है कि बेटे की चिंता के कारण वह रातभर सो नहीं सकी।

महिला बंदियों से बनाई दूरी

सोमवार सुबह दामिनी के व्यवहार में कुछ बदलाव देखा गया। उसने नाश्ता और दोपहर का भोजन किया, लेकिन अब भी अन्य महिला बंदियों से दूरी बनाए हुए है। जेल प्रशासन उसकी मानसिक स्थिति और गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है।

बेटे से मिलने की इच्छा, धार्मिक पुस्तकों की मांग

जेल सूत्रों के अनुसार, दामिनी ने केवल अपने बेटे से मिलने की इच्छा जताई है। उसने कथित प्रेमी तुषार से मिलने की कोई मांग नहीं की है। जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में ऐसी कोई अर्जी आती है तो उस पर जेल नियमावली के अनुसार ही निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा दामिनी ने जेल की लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा भी जताई है। उसने रामायण और सुंदरकांड पढ़ने की भी इच्छा व्यक्त की है। जेल प्रशासन उपलब्ध नियमों के तहत इस पर विचार कर रहा है। जेल प्रशासन के अनुसार, भोजन वितरण के दौरान दामिनी की मुलाकात जेल में बंद मुस्कान से हुई। नाम पुकारे जाने के दौरान दोनों एक-दूसरे से परिचित हुईं और उनके बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई।

पति की हत्या के आरोप में न्यायिक हिरासत

दामिनी पर आरोप है कि उसने अपने कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरों के साथ मिलकर पति अतुल पंवार की जहरीले सांप से डंसवाकर हत्या कराई। पुलिस का दावा है कि वारदात में ऐसे सांप का इस्तेमाल किया गया, जिसके काटने पर शुरुआती दर्द और सूजन का एहसास कम होता है। फिलहाल दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार और मामले में गिरफ्तार दोनों सपेरे अदालत के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जेल में बंद हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि या दोष तय होना अदालत में सुनवाई के बाद ही होगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH