National

मोदी से मुकाबले के लिए पटना में विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक शुरू, नीतीश-तेजस्वी कर रहे मेजबानी

नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से मुकाबला करने के लिए देश भर के विपक्षी दलों के नेताओं की आज पटना में बैठक शुरू हो गई है। बैठक की मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कर रहे हैं।

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी से मुकाबले के लिए संयुक्त रणनीति बनाने पर चर्चा हो रही है। बैठक में 15 से ज्यादा विपक्षी दल शामिल हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि विपक्ष ने पटना को बैठक के लिए इसलिए चुना है क्योंकि ये शहर 1974 में जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति के आह्वान का प्रतिनिधित्व करता है जिसने इंदिरा गांधी की बहुमत सरकार को गिरा दिया था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य राज्यों के नेता पटना में विपक्षी दलों की बैठक में शामिल हैं।

विपक्ष की बैठक को लेकर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ये परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचारियों का मिलन है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, अगली बार पीएम मोदी 400 का आंकड़ा पार करेंगे। वहीँ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष की मीटिंग पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आज पटना में फोटो सेशन चल रहा है। वे (विपक्ष) पीएम मोदी और एनडीए को चुनौती देना चाहते हैं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि 2024 में पीएम मोदी 300 से ज्यादा सीटें जीतकर पीएम बनेंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH