देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस के बीच राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कई राज्यों तक पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार तक मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से होते हुए हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। IMD ने बताया कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान परिस्थितियां मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी रहेंगी। इस दौरान महाराष्ट्र के अधिक हिस्सों, कर्नाटक के शेष क्षेत्रों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मानसून के पहुंचने की संभावना है।
बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की प्रगति के साथ इन राज्यों में वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी। इससे लंबे समय से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिल सकती है। विभाग लगातार मानसून की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नियमित अपडेट जारी कर रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और शाम तक फिर से बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में भी बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान के कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में रविवार को अच्छी वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी भागों में हल्की बारिश देखने को मिली। राहत की बात यह रही कि राज्य में कहीं भी लू की स्थिति नहीं बनी। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर जिले के चौमूं में सबसे अधिक 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 23 मिमी और भीलवाड़ा में 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
फलौदी रहा सबसे गर्म
बारिश के बावजूद राजस्थान का फलौदी क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.1 डिग्री और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होगा।




