InternationalTop News

गिनी में कचरे का पहाड़ बना मौत का ढेर, ढहने से 30 लोगों की मौत, कई झुग्गियां मलबे में दबीं

कोनाक्री। अफ्रीकी देश गिनी (Guinea) की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। शहर के सबसे बड़े कचरा डंपिंग साइट पर कचरे का विशाल ढेर ढहने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

भारी बारिश के बाद ढहा कचरे का ढेर

अधिकारियों के मुताबिक, कोनाक्री के ‘Dar Es Salam’ इलाके में रविवार सुबह करीब 2 बजे भारी बारिश शुरू हुई। लगातार बारिश के कारण लैंडफिल में जमा कचरा खिसकने लगा और देखते ही देखते कचरे का बड़ा हिस्सा ढह गया। मलबे की चपेट में आसपास बनी कई झुग्गियां आ गईं। कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं।

लोगों को पहले ही हटने का नोटिस दिया गया था

मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बाइलो ने बताया कि कोनाक्री के सबसे बड़े खुले कचरा डंप को बंद करने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था। अधिकारियों के अनुसार, लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को इलाके से हटने का नोटिस भी दिया गया था। इसके बाद कई परिवार वहां से चले गए थे, लेकिन हादसे के समय भी बड़ी संख्या में लोग आसपास मौजूद थे।

प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह बसाने की तैयारी

मौके पर पहुंचीं क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री डिएनाबू टुरे ने कहा कि सरकार हादसे से प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह बसाने और उनके रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। प्रशासन को आशंका है कि मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH