NationalTop News

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली हिमाचल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने उप मुख्यमंत्री

शिमला। बिना किसी राजनीतिक वंशवाद के, लेकिन व्यापक संगठनात्मक अनुभव के साथ रैंक से उठे चार बार के कांग्रेस विधायक 58 वर्षीय सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री की शपथ ली। रविवार को शिमला के रिज मैदान पर दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह हुआ।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, नवनिर्वाचित विधायक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. इससे पहले कांग्रेस आलाकमान की तरफ से सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद शनिवार शाम शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई. इस बैठक में भी सुखविंदर सिंह सुक्खू को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया।

आपको बता दें कि 58 साल के सुखविंदर सिंह सुक्खू एनएसयूआई से राजनीतिक करियर की शुरुआत करते हुए करीब छह साल तक हिमाचल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे. सुखविंदर सिंह सुक्खू इस हिमाचल चुनाव में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष थे और हमीरपुर जिले की नादौन विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं. सुखविंदर सिंह सुक्खू चौथी बार विधायक बने हैं. हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन तहसील के सेरा गांव से ताल्लुक रखने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH