राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा को लेकर इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
एनटीए ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि अब तक करीब 4 लाख उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। हालांकि, कुछ छात्रों को तकनीकी दिक्कतों और सर्वर संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी ने कहा कि उसकी तकनीकी टीमें लगातार इन समस्याओं को दूर करने में जुटी हैं। एनटीए ने उम्मीदवारों को आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी छात्रों को बिना किसी परेशानी के एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही एजेंसी ने हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।
दोपहर 2 बजे से होगी परीक्षा
NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें। प्रवेश पत्र में उम्मीदवार का नाम, आवेदन संख्या, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा तिथि और परीक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य दस्तावेज है।
किसी भी त्रुटि पर तुरंत करें संपर्क
एनटीए ने उम्मीदवारों से अपील की है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी विवरणों का मिलान अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या तकनीकी समस्या सामने आती है, तो छात्र तुरंत एनटीए हेल्प डेस्क से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।




