Top NewsUttar Pradesh

नोएडा में 16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम एक नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। कामिनी की शादी महज एक महीने पहले 11 जुलाई को मंथन धीमान से हुई थी। घटना के बाद मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या की शिकायत दर्ज कराई है।

16वीं मंजिल से गिरी कामिनी, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5:30 बजे कामिनी सेक्टर-108 स्थित सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कामिनी अपने पति मंथन के साथ फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी। मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती, फिर लव मैरिज

पुलिस के अनुसार, कामिनी और मंथन की मुलाकात करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद नजदीकियां बढ़ीं और वे कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। करीब एक महीने पहले दोनों ने परिजनों की सहमति से शादी की थी। पूछताछ में मंथन ने पुलिस को बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज भी चल रहा था। वह पहले बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।

मायके वालों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। उन्होंने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कामिनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे, आत्महत्या और परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न के आरोप—तीनों पहलुओं की जांच कर रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH