Top NewsUttar Pradesh

गाजियाबाद में शादी के 6 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज छह महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के अंदर जीने की रेलिंग से लटका मिला। घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र की है, जहां परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताया है।

मृतका की पहचान बुलंदशहर निवासी नीतू के रूप में हुई है। नीतू की शादी 10 दिसंबर 2025 को नंदग्राम निवासी सुमित कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। परिवार का कहना है कि शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर दहेज और घरेलू सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नीतू को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।

घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शादी के कुछ ही महीनों बाद नवविवाहिता का शव घर के भीतर संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतका के परिजनों का दावा है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। बेटी की मौत की जानकारी उन्हें किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में मृतका के भाई का बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH