लखनऊ। आजमगढ़ में समाजवादी किला भेदने वाले निरहुआ ने आज मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी से मुलाक़ात की। मुलाकात के दौरान निरहुआ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धनुर्धर भगवान राम की प्रतिमा भी भेंट की। निरहुआ के साथ उनके भाई और भोजपुरी कलाकार प्रवेश लाल यादव व अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी मौजूद रही।
गौरतलब है कि दिनेश लाल यादव निरहुआ ने आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को आठ हजार से अधिक मतों से हराया था। निरहुआ को 312768 वोट मिले जबकि धर्मेंद्र यादव को 304089 मत मिले।
जीत के बाद निरहुआ ने कहा था कि जनता ने कमाल कर दिया। यह साबित भी कर दिया कि विरासत में मिली सियासत के दंभ का अंत निश्चित होता है। यह संभव हो सका है, देवतुल्य जनता के आशीर्वाद की बदौलत। ऐसे में आजमगढ़ में हमारी जीत जनता की विजय होगी। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, उसका मैं ऋणी हो गया हूं। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और आपके भरोसे को समर्पित है।