National

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन एक्शन मोड में, कई राज्यों में नियुक्त किए प्रभारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यभार संभालते ही संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। पार्टी को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से उन्होंने विभिन्न राज्यों और निकाय चुनावों को लेकर चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्तियों का ऐलान किया है।

पार्टी महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, केरल विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलजे को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, विनोद तावड़े को चंडीगढ़ के मेयर चुनाव की निगरानी का दायित्व भी दिया गया है।

वहीं ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम चुनाव के लिए राम माधव को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को सह-प्रभारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि सतीश पूनिया हाल के हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं और अब इस नई जिम्मेदारी को उनके राजनीतिक पुनरागमन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

तेलंगाना में होने वाले नगर पालिका और नगर निगम चुनावों के लिए भी भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया है। यहां आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कर्नाटक राज्य चुनाव आयोग के अनुसार ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम के चुनाव अस्थायी रूप से 25 मई के बाद कराए जा सकते हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट की समय-सीमा के तहत ये चुनाव जून 2026 से पहले कराना अनिवार्य है। भाजपा इन सभी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी और रणनीतिक नेताओं की टीम उतारने की तैयारी में जुटी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH