NationalTop News

कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, ट्रॉमा ICU के 10 मरीजों की मौत

ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर वे मरीज शामिल हैं, जो ट्रॉमा केयर ICU में भर्ती थे।

जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 3 बजे की है, जब ट्रॉमा केयर के इमरजेंसी विभाग की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल का फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया और अस्पताल के फायर विभाग ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तुरंत तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजन घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

हालात को देखते हुए ट्रॉमा ICU में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन ICU में स्थानांतरित किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री मोहन माझी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने न्यू मेडिसिन बिल्डिंग में जाकर प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

मौके पर स्वास्थ्य सचिव, कटक के जिला कलेक्टर और डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH