नई दिल्ली: दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे स्वयंभू संत आसाराम की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने कोर्ट में अपनी मेडिकल रिपोर्ट दाखिल की। रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलहाल आसाराम को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए 24 घंटे प्रशिक्षित केयरगिवर्स की निगरानी और देखभाल जरूरी है। AIIMS की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, आसाराम कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें कोरोनरी आर्टरी डिजीज, ऑस्टियोपोरोसिस, लंबे समय से सोडियम की कमी (क्रॉनिक हाइपोनेट्रेमिया), थैलेसीमिया, बार-बार होने वाली पेट संबंधी समस्याएं और एनीमिया (खून की कमी) जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हैं।
मामले की सुनवाई जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की पीठ ने की। आसाराम ने राजस्थान हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें दुष्कर्म मामले में उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा गया था। साथ ही उन्होंने अपनी सजा पर रोक लगाने की भी मांग की है। सुनवाई के दौरान कोर्ट को AIIMS की मेडिकल रिपोर्ट से अवगत कराया गया। हालांकि, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की अनुपलब्धता के चलते मामले की आगे की सुनवाई गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। अब सुप्रीम कोर्ट अगली सुनवाई में आसाराम की याचिका पर आगे विचार करेगा।




