उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनाव से पहले सीटों को लेकर गठबंधन के भीतर और बाहर हलचल तेज हो गई है। ओम प्रकाश राजभर के ताजा बयान ने एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है। राजभर ने साफ कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है और इसके लिए उसे पर्याप्त सीटें मिलनी चाहिए। राजभर ने अपने चुनावी लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य कम से कम 13 सीटें जीतकर एक मान्यता प्राप्त पार्टी बनना है। अगर हमें 20 सीटें मिल जाती हैं, तो यह हमारे लिए अच्छा रहेगा।”
संजय निषाद को लेकर क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?
ओम प्रकाश राजभर ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संजय निषाद के साथ सब कुछ ठीक है और वह बीजेपी के साथ ही बने रहेंगे। राजभर के मुताबिक, संजय निषाद को भी यह पता है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की संभावना नहीं है। उनके इस बयान को एनडीए के सहयोगी दलों के बीच एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, आगामी चुनाव में सहयोगी दलों के बीच सीटों का बंटवारा किस फॉर्मूले पर होगा, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
सीएम योगी की तारीफ में पढ़े कसीदे
राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसा मेहनती मुख्यमंत्री नहीं देखा है। राजभर के मुताबिक, सीएम योगी कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटते और हर चुनौती का सामना करते हैं। राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में चुनावी माहौल तैयार होने लगा है और सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
सपा-कांग्रेस के बीच 181 सीटों को लेकर बढ़ी खींचतान
दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन में भी सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आसान होती नहीं दिख रही है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चुनावी तालमेल को लेकर चर्चाएं जारी हैं। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 सीटों का प्रस्ताव भेजा है। कांग्रेस की ओर से इतनी सीटों की मांग के बाद गठबंधन के भीतर सियासी गणित पर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि टिकट का फैसला जीतने की संभावना के आधार पर किया जाएगा। उनका कहना है कि जिस उम्मीदवार के जीतने की संभावना सबसे ज्यादा होगी, उसे ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
आज होने वाली थी सपा-कांग्रेस की बैठक, फिर टली चर्चा
सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच बैठक होने की संभावना जताई जा रही थी। माना जा रहा था कि इस बैठक में दोनों दल सीटों के फॉर्मूले पर चर्चा कर सकते हैं। हालांकि, बाद में खबर आई कि प्रस्तावित बैठक नहीं होगी। ऐसे में अब दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति कब बनती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। एक तरफ कांग्रेस ज्यादा सीटों की दावेदारी कर रही है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी जीत की संभावना को टिकट वितरण का आधार बनाने की बात कह रही है। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले एनडीए और विपक्षी गठबंधन, दोनों के सामने सीटों का समीकरण बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है। आने वाले दिनों में गठबंधन की बातचीत और सहयोगी दलों की मांगों से प्रदेश की सियासत की तस्वीर और साफ हो सकती है।




