नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए 15 जून से 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। पहली बार नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत हुई है। इस परियोजना का संचालन नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। इन बसों के शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी बसें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 जून को इन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद 15 जून से नियमित संचालन शुरू कर दिया गया। सभी ई-बसें लगभग 15 मिनट के अंतराल पर संचालित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
रियल टाइम ट्रैकिंग से मिलेगी सुविधा
नोएडा प्राधिकरण की अगुवाई में शुरू की गई इस सेवा में रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे बसों की स्थिति और समय की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
ये हैं प्रमुख बस रूट
रूट-1: बॉटेनिकल गार्डन से परी चौक (ग्रेटर नोएडा)
गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (एक मूर्ति गोलचक्कर) और सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए।
रूट-2: बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट
सेक्टर-44 छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और रबूपुरा होते हुए।
रूट-3: बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट
छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-116, सेक्टर-78, सैमसंग फेस-2, फूलमंडी और कुलेसरा होते हुए।
रूट-4: बॉटेनिकल गार्डन से नया बस अड्डा, गाजियाबाद
गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साईं मंदिर सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार और गाजियाबाद आरआरटीएस स्टेशन होते हुए।
रूट-5: बॉटेनिकल गार्डन से आनंद विहार बस स्टेशन
सेक्टर-16, सेक्टर-14ए प्रवेश द्वार, अक्षरधाम और कौशांबी होते हुए।
किराया मात्र 20 से 50 रुपये
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-बसों का किराया बेहद किफायती रखा गया है। यात्रा दूरी के अनुसार किराया 20 रुपये, 30 रुपये और अधिकतम 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
AC बसों में CCTV से सुरक्षा व्यवस्था
सभी इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह वातानुकूलित (AC) हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की मांग और जरूरत के अनुसार भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह इलेक्ट्रिक बस सेवा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




