RegionalTop News

पंजाब में बाढ़ से हाहाकार: पीएम मोदी ने सीएम भगवंत मान से की बातचीत, हर संभव मदद का भरोसा

चंडीगढ़। पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदियां उफान पर हैं, कई जिलों में जलजमाव है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। सोमवार शाम को चीन से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। पीएम मोदी ने पंजाब को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिया।

29 लोगों की मौत, लाखों प्रभावित

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक बाढ़ और बारिश से 29 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 2.56 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा लगभग तीन लाख एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। एक बुलेटिन के अनुसार, 1 अगस्त से अब तक राज्य के 23 में से 12 जिले बाढ़ की चपेट में आए हैं। सबसे अधिक नुकसान पठानकोट जिले में दर्ज किया गया है।

इतिहास की सबसे भीषण बाढ़

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे पंजाब के हाल के इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने पूरे राज्य को अभूतपूर्व नुकसान पहुंचाया है। मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं।

सीएम मान ने बताया कि सभी जिलों के प्रशासनिक विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को अधिकतम राहत मिल सके। उन्होंने कहा “प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने, उन्हें राहत सामग्री पहुंचाने और हुए नुकसान की एक-एक पाई की भरपाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जमीनी स्तर पर निगरानी

मुख्यमंत्री ने हाल ही में रारा ब्रिज का दौरा कर जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वे लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं और केंद्र सरकार से भी सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं। मान ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर राज्य के लिए अटके हुए 60,000 करोड़ रुपये जारी करने की अपील भी की है।

केंद्र–राज्य मिलकर करेंगे काम

बाढ़ की त्रासदी ने पंजाब की कृषि और ग्रामीण ढांचे को भारी क्षति पहुंचाई है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार की साझा कोशिश ही राहत कार्यों को गति दे सकती है। पीएम मोदी का आश्वासन और सीएम मान की सक्रियता इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लाखों प्रभावित लोगों के लिए उम्मीद की किरण है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH