नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ अपनी मुलाकात की एक रील सोशल मीडिया पर साझा की और देशवासियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पर 32 सेकेंड की वीडियो रील शेयर करते हुए कैप्शन में #Cheer4Bharat लिखा। वीडियो में पीएम मोदी गोल्ड मेडल जीतने वाली मुक्केबाज साक्षी चौधरी समेत अन्य भारतीय खिलाड़ियों के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं, ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा।’ इसके बाद वह खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहते हैं, ‘ऑलवेज चीयर फॉर भारत… भारत माता की जय।’
CWG 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने प्रतियोगिता में 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज समेत कुल 39 पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
बॉक्सिंग में भारत का दमदार प्रदर्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बॉक्सिंग की अलग-अलग भार वर्गों में भारत ने कुल 10 पदक जीते, जिसमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर शामिल रहे। अब भारतीय खिलाड़ियों की नजरें आगामी एशियन गेम्स पर हैं, जहां टीम अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने की कोशिश करेगी।




