किशनगंज। बिहार के किशनगंज में वन्दे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। तीनों नाबालिग हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पत्थर मारकर वंदे भारत के कोच को क्षतिग्रस्त किये जाने के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों द्वारा पांच जनवरी को पुलिस को दी गई। किशनगंज के पोठिया थाना में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई और मामले की छानबीन प्रारंभ की गई।
जांच के क्रम में तीन लोगों को पकड़ा गया, जिनमे सभी की उम्र लगभग 13-15 वर्ष है। ये सभी पोठिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन सभी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए किशोर न्याय परिषद के समक्ष पेश किया गया। इस मामले की जांच जारी है।




