Top NewsUttar Pradesh

आजम खान को गृह मंत्री बनाने के बयान पर सियासी घमासान, राजभर और CM योगी ने सपा पर साधा निशाना

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के उस बयान पर बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने हमला बोला है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान को उत्तर प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा।

शिवपाल यादव के इस बयान को लेकर यूपी के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा की नीतियों और आजम खान के समर्थन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।

राजभर ने अखिलेश को दी ‘चाचा संभालने’ की नसीहत

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को शिवपाल यादव के बयान को लेकर घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने ‘चच्चू’ को संभालना चाहिए, वरना वह सपा को सत्ता में आने से रोक देंगे। राजभर ने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव अपने लोगों के मुकदमे वापस लेने और आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति को वह ‘सजायाफ्ता’ बता रहे हैं, वह चुनाव कैसे लड़ेगा और मंत्री कैसे बनेगा। राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को ‘विभीषण की कहानी’ पढ़ने की सलाह भी दी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सपा के भीतर की राजनीति को लेकर कई बातें सामने आ सकती हैं।

सीएम योगी ने भी सपा को घेरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शिवपाल यादव के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आजम खान और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए सपा पर गंभीर आरोप लगाए। सीएम योगी ने कहा कि सपा ऐसे व्यक्ति के समर्थन में खड़ी दिखाई दे रही है, जिसे लेकर गंभीर विवाद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की ऐसी राजनीति प्रदेश में फिर से दंगे और अराजकता को बढ़ावा दे सकती है। मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर दंगों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में दंगों से जुड़े लोगों को संरक्षण और सम्मान दिया गया था। योगी ने सपा की सोच और उसकी राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।

शिवपाल यादव ने क्या कहा था?

दरअसल, सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को रामपुर जेल में आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। उनके इसी बयान के बाद बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने सपा पर हमला तेज कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान को लेकर सामने आया यह बयान अब यूपी की सियासत में एक नया मुद्दा बनता दिख रहा है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH