RegionalTop News

पंजाब में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, संजीव अरोड़ा को मिल सकता है उद्योग मंत्रालय

चंडीगढ़/जालंधर| पंजाब में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कदम उपचुनाव से पहले किए गए वादे के अनुरूप है।

सूत्रों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। अरोड़ा खुद एक सफल उद्योगपति हैं और पहले भी इस क्षेत्र में कई सार्थक प्रयास कर चुके हैं। वर्तमान में उद्योग विभाग की जिम्मेदारी मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के पास है। माना जा रहा है कि उनके पास पहले से कई अहम विभाग हैं, इसलिए यह विभाग उनसे लेकर अरोड़ा को सौंपा जा सकता है।

चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय की मांग

मुख्यमंत्री मान ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय के लिए जगह देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ‘आप’ एक राष्ट्रीय पार्टी है और सभी आवश्यक मानदंड पूरे करती है, फिर भी अब तक पार्टी को चंडीगढ़ में अधिकृत कार्यालय की स्वीकृति नहीं मिली है। सीएम ने बताया कि इस संबंध में राज्यपाल को एक औपचारिक पत्र सौंपा गया है, जिसमें चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH