NationalTop News

‘भारतीय रेलवे पर गर्व’: सोनम वांगचुक ने वंदे भारत यात्रा का अनुभव साझा किया, शिक्षा सुधार पर सरकार से निभाने को कहा वादा

पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर चुके सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक नया वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। इसमें वह दिल्ली से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा का अपना अनुभव साझा करते हुए भारतीय रेलवे की सराहना करते नजर आए। साथ ही उन्होंने संसद में पेश किए गए एंटी पेपर लीक बिल और शिक्षा सुधार को लेकर भी अपनी बात रखी। वीडियो के कैप्शन में सोनम वांगचुक ने लिखा, “मुझे भारतीय रेलवे पर गर्व है। भारत सरकार के वादों पर भी गर्व करना चाहता हूं।”

वीडियो में उन्होंने कहा कि वह लद्दाख के लिए रेल मार्ग से रवाना हुए हैं और ट्रेन उनका सबसे पसंदीदा परिवहन माध्यम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत सेवा में यह उनका पहला सफर था। इस दौरान उन्होंने चिनाब रेल पुल को भी देखा, जिसे उन्होंने बेहद खूबसूरत अनुभव बताया। वांगचुक ने कहा कि उन्हें भारतीय रेलवे की इस उपलब्धि पर गर्व है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि परीक्षा सुधार से जुड़ा विधेयक संसद में लाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुधार केवल परीक्षाओं तक सीमित न रहे, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए जाएं और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहे।

सोनम वांगचुक ने सरकार से उस लिखित समझौते का भी सम्मान करने की अपील की, जिसमें प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ एफआईआर या अन्य कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच भरोसे का माहौल बनाना जरूरी है, ताकि सभी मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें। लद्दाख रवाना होने से पहले सोनम वांगचुक ने दिल्ली स्थित राजघाट> पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH