RegionalTop News

पंजाब के धूरी में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, केंद्र ने दी मंजूरी – सीएम भगवंत मान

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। लंबे समय से मांगे जा रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस रेलवे ब्रिज के बनने से 1 लाख से ज्यादा की आबादी को फायदा होगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि 54.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज तय समय में बनकर तैयार हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र की एक लाख से ज्यादा की आबादी को आवागमन का आसान रास्ता मिलेगा।

ओवरब्रिज का निर्माण लेवल क्रॉसिंग नंबर 62ए पर दो लेन में किया जाएगा। रेलवे से अंतिम अनुमति (रेलवे एनओसी) मिलते ही ओवरब्रिज का निर्माण मार्च 2026 से शुरू होना संभव है। इस अनुमति के लिए दिल्ली के बड़ौदा हाउस स्थित रेलवे मुख्यालय से लगातार संपर्क किया जा रहा है और प्रक्रिया अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रही है।

इस ओवरब्रिज की निर्माण अवधि 18 महीने तय की गई है, जिसकी गणना रेलवे एनओसी मिलने के बाद की जाएगी। परियोजना के शुरू होने के बाद पंजाब सरकार रेलवे हिस्से की लागत का 2% यानी करीब 12 लाख रुपये रेलवे को पर्यवेक्षण शुल्क के रूप में जमा कराएगी। यूटिलिटी ट्रांसफर, फॉरेस्ट क्लीयरेंस और सिंचाई विभाग की एनओसी से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पहले ही अग्रिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

पिछले एक साल से रेलवे की अनुमति लंबित होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था, लेकिन अब इस दिशा में स्पष्ट प्रगति देखने को मिल रही है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से धूरी शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। लोग अब बिना किसी बाधा के यात्रा कर सकेंगे और शहर के अंदरूनी हिस्सों में यातायात का दबाव कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ओवरब्रिज में रेलवे ट्रैक के साथ-साथ इससे जुड़ी सड़कों के ऊपर पुल का निर्माण भी शामिल है। यह पूरा खर्च पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उनके अनुसार यह प्रोजेक्ट धूरी के लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH