NationalTop News

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बढ़ी ठंडक, तापमान में आई गिरावट

दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है और ठंडक ने दस्तक दे दी है। बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि दिन के समय मौसम अभी सामान्य बना हुआ है। अनुमान है कि अक्टूबर के अंत तक ठंड पूरी तरह से असर दिखाने लगेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं ने दिल्ली में सर्दी की शुरुआत का एहसास कराया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री कम है। यह हाल के वर्षों में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि कई इलाकों में तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया। उत्तरी दिल्ली के रिज इलाके में सबसे कम 17.6 डिग्री और पालम में 18.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद आसमान साफ रहेगा। इससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन रात में ठंडी हवाएं तापमान को नीचे ले जाएंगी। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण वहां से ठंडी हवाएं दिल्ली की ओर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट बनी रहेगी। सप्ताहांत तक रातें ठंडी रहने की संभावना है।

बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 81 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। एक दिन पहले यह 73 था। हाल की बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में लगातार दूसरे दिन सुधार देखने को मिला है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH