NationalTop News

देशभर में बारिश का कहर: गुजरात – असम में बाढ़ से हालात गंभीर, 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुजरात, असम, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को भी 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम में बाढ़ से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गुजरात में कई इलाकों में जलभराव के चलते राहत और बचाव अभियान जारी है।

14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है।

गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, अहमदाबाद में टूटा 20 साल का रिकॉर्ड

गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अहमदाबाद में बारिश ने पिछले 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शहर के कई इलाकों में दो से ढाई फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गैलॉप्स इंडस्ट्रियल पार्क में फंसे 900 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए NDRF, SDRF, सेना और कोस्ट गार्ड की टीमों को रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

असम में बाढ़ का संकट बरकरार

असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य के पांच जिलों—चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और शिवसागर—के 763 गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। पांच लाख से अधिक लोग राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। बारिश और बाढ़ से अब तक 68 लोगों की जान जा चुकी है। राहत और बचाव कार्य में सेना, NDRF, SDRF, फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन लगातार जुटा हुआ है।

जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड, हाईवे बंद

जम्मू-कश्मीर में लगातार हुई बारिश के बाद कई इलाकों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई हैं। डोडा जिले में चिनाब नदी के उफान से कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। वहीं बनिहाल के रामसू ब्लॉक में हुए भारी भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) बंद हो गया है। प्रशासन मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटा है।

उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर

पहााड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। घाघरा, शारदा समेत चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बलिया में नदी कटान के कारण एक मकान देखते ही देखते नदी में समा गया। बाराबंकी, सीतापुर, पीलीभीत और बहराइच में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शारदा और गिरजा बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सरयू नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।

राहत और बचाव अभियान जारी

बाढ़ प्रभावित राज्यों में प्रशासन, सेना, NDRF, SDRF और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत कर असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और राहत कार्यों की समीक्षा की।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH