नई दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी ने अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई नियुक्तियों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

वरिष्ठ नेता राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी के वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूती देने के लिए राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जो राजस्थान के वैश्य और व्यापारिक समुदाय के बीच पार्टी के जनाधार को और मजबूती प्रदान करेगा। इस मौके पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरीजी महाराज जी के अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शांतनु शुक्ला ने उन्हें बधाई दी है।
बड़े भाई राजेश मंगल जी को बीजेपी का राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई।@BJP4India pic.twitter.com/ufuixtZbm9
— Shantanu Shukla (@ShantanuShuklaG) August 17, 2026
13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
बीजेपी की नई टीम में कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, प्रो. तारिक मंसूर, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा और डॉ. मधुचंद्रा कर शामिल हैं।
B.L. संतोष संगठन महामंत्री बने रहेंगे
संगठन के स्तर पर बीएल संतोष की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है। वह राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। उनके साथ शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी समेत 8 नाम
नई टीम में राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी मिली है। स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी को खासा अहम माना जा रहा है। नई भूमिका में उनके सामने पार्टी के संगठनात्मक कामकाज के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों में अहम भूमिका निभाने की चुनौती होगी।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडेय को केंद्रीय कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
मोर्चों की कमान भी बदली
बीजेपी ने अपने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों का भी ऐलान किया है। डॉ. हेमंत जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चे की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा, शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे का अध्यक्ष बनाया गया है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया संगठन को भी नई जिम्मेदारियां दी हैं। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं आशीष ऊषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव मीडिया सह-संयोजक होंगे। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दीपक म्हास्के को दी गई है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
उत्तर-पूर्व पर भी बीजेपी का फोकस
उत्तर-पूर्व के लिए डॉ. संबित पात्रा को समन्वयक और राजीव बब्बर को संयुक्त समन्वयक बनाया गया है। वहीं सभी प्रकोष्ठों के समन्वय की जिम्मेदारी विष्णु दत्त शर्मा को दी गई है। नई टीम में राज्यों और अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी की नई संगठनात्मक टीम आने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगी।




