City NewsRegional

रामदेव के पतंजलि का घी सेहत के लिए नुकसानदेह, प्रयोगशाला की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

नई दिल्ली। अगर आप भी बाबा रामदेव के पतंजलि का घी इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए क्योंकि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में घी का सैम्पल फेल पाया गया है। सैंपल के टेस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक पतंजलि घी में मिलावट की गई थी और घी मानकों के अनुरूप नहीं था जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया है, जिसके बाद टिहरी जनपद के खाद्य सरंक्षा और औषधि विभाग के द्वारा पतंजलि कंपनी के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर करने जा रही है।

बाबा रामदेव की नामी-गिरामी कंपनी पतंजलि ब्रांड गाय के घी का सैंपल खाद्य संरक्षा और औषधि विभाग के द्वारा साल 2021 में दीपावली के पर्व पर टिहरी जनपद के घनसाली में एक दुकान से सैंपल भरा गया था। जिसके बाद सैंपल को राज्य की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया तो, सैंपल फेल पाया गया। जिसके बाद खाद्य संरक्षा विभाग के द्वारा कंपनी को नोटिस जारी किया तो, कंपनी ने राज्य की लैबोरेट्री को रिपोर्ट को गलत साबित किया।

जिसके बाद फिर से खाद्य सरंक्षा विभाग के द्वारा केंद्रीय प्रयोगशाला में सैंपल भेजा गया तो केंद्रीय प्रयोगशाला में भी बाबा रामदेव की पतंजलि ब्रांड गाय के घी का सैंपल फेल पाया गया। जिसके बाद खाद्य सरंक्षा विभाग कंपनी के खिलाफ टिहरी के एडीएम कोर्ट में वाद दायर करने जा रही है। इसे लेकर अब विभाग भी गंभीर दिखाई दे रहा है। खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने इस मामले में कहा कि प्रयोगशाला की जो रिपोर्ट आई है उसके मुताबिक पतंजलि के घी में मिलावट है और यह मानकों के अनुरुप नहीं है। ऐसे में सीधे तौर पर यह स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है। इसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH