Uttar Pradesh

दूध के दामों में फिर बढ़ोतरी, पराग ने भी बढ़ाए रेट, लखनऊ में 12 नवंबर शाम से लागू होंगी नई कीमतें

लखनऊ: महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का एक और झटका लगा है. अमूल और मदर डेयरी के बाद अब उत्तर प्रदेश में पराग दूध भी महंगा हो गया है. लखनऊ दुग्ध संघ ने पराग के गोल्ड और टोन्ड मिल्क समेत अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों में इजाफा किया है. नई दरें 12 नवंबर 2026 की शाम की सप्लाई से लागू होंगी. यानी गुरुवार सुबह तक उपभोक्ताओं को दूध पुराने दाम पर मिलेगा, जबकि शाम से बढ़ी हुई कीमतें चुकानी होंगी.

पराग गोल्ड और टोन्ड मिल्क के दाम कितने बढ़े?

लखनऊ दुग्ध संघ की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, पराग एफसीएम गोल्ड के एक लीटर पैकेट की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये कर दी गई है. वहीं, आधा लीटर का पैकेट अब 36 रुपये के बजाय 38 रुपये में मिलेगा. पराग टोन्ड मिल्क के एक लीटर पैकेट के लिए अब 59 रुपये की जगह 61 रुपये चुकाने होंगे. इसके 500 मिलीलीटर पैकेट की कीमत भी 30 रुपये से बढ़ाकर 31 रुपये कर दी गई है.

लागत बढ़ने का दिया गया हवाला

लखनऊ दुग्ध संघ के महाप्रबंधक की ओर से जारी सूचना में कीमतों में बदलाव की वजह कच्चे दूध के संग्रहण, प्रोसेसिंग और परिवहन पर बढ़ती लागत को बताया गया है. संघ के मुताबिक, इन सभी प्रक्रियाओं का खर्च लगातार बढ़ रहा था. ऐसे में दूध की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था.

अमूल और मदर डेयरी के दूध के दाम भी बढ़े

इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी बताई गई है.

दी गई जानकारी के मुताबिक, भैंस के फुल क्रीम दूध की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो गई है. फुल क्रीम पैकेज्ड दूध अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.

वहीं, पैकेज्ड टोन्ड दूध के लिए अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये प्रति लीटर देने होंगे. थोक वेंडिंग मशीन यानी टोकन के जरिए मिलने वाले टोन्ड दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है. डबल टोन्ड दूध भी 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH