Uttar Pradesh

अयोध्या में ग्रीन फील्ड टाउनशिप योजना की प्रगति की समीक्षा – आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह ने दिए आवश्यक निर्देश

जनपद अयोध्या में आवास विकास परिषद द्वारा संचालित ग्रीन फील्ड टाउनशिप अयोध्या परियोजना की प्रगति की समीक्षा आज अयोध्या स्थित आयुक्त सभागार में आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह द्वारा की गई। इस अवसर पर अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (भूमि), मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, मुख्य वास्तुविद, उप आवास आयुक्त समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में भूमि अर्जन की प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाने पर ज़ोर दिया गया। डॉ. बलकार सिंह ने निर्देशित किया कि शेष अवार्डों की घोषणा शीघ्रातिशीघ्र की जाए तथा जिन ग्रामों में अवार्ड घोषित किए जा चुके हैं, वहाँ कब्जा तत्काल उपलब्ध कराया जाए, जिससे परियोजना का क्रियान्वयन समयबद्ध ढंग से किया जा सके।

बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक लगभग 550 एकड़ भूमि पर कब्जा प्राप्त किया जा चुका है, और शीघ्र ही 750 एकड़ भूमि का कब्जा भी अगले सप्ताह तक प्राप्त होने की उम्मीद है। यह महत्वाकांक्षी योजना कुल 1790 एकड़ क्षेत्र में विस्तारित है, जिसे आवास विकास परिषद द्वारा संचालित किया जा रहा है।

परियोजना के अंतर्गत विभिन्न राज्यों की सरकारों को विश्राम गृहों हेतु भूमि आवंटित की गई है। इसके अतिरिक्त बड़े होटल प्रतिष्ठानों को GFT योजना के अंतर्गत नीलामी के माध्यम से भूमि आवंटित की गई है। शीघ्र ही इन स्थलों पर होटलों, मठों एवं आश्रमों का निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है।

डॉ. बलकार सिंह ने बताया कि योजना में ग्रीन एरिया को विशेष महत्व दिया गया है। लगभग 2०० एकड़ क्षेत्र में हरित क्षेत्र तथा लंदन आई की तर्ज़ पर एक भव्य व्हील (झूला) प्रस्तावित है। इसके साथ ही रामायण थीम पर आधारित संस्कृतिक आयोजन स्थल भी विकसित किए जाएंगे, जो आने वाले समय में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

यह योजना राम जन्मभूमि से मात्र 5-6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण आमजन में इसे लेकर अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है। परिषद को विभिन्न स्थानों से निरंतर पूछताछ प्राप्त हो रही है, जो इसकी लोकप्रियता का संकेत है।

समीक्षा के दौरान 45 मीटर चौड़ी सड़क, ड्रेनेज व अन्य निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया और इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

सम्पर्क करें:
सूचना एवं जनसंपर्क प्रकोष्ठ
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, लखनऊ
ईमेल: info@upavp.in
वेबसाइट: www.upavp.in

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH