RegionalUncategorizedUttar Pradesh

लखनऊ में बोले रालोद कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा, संगठन मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता


लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के लखनऊ आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी मुख्यालय में संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक के बाद “आज की खबर” से विशेष बातचीत में अनुपम मिश्रा ने कहा कि पार्टी का छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी उनके लिए महत्वपूर्ण है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रालोद लगातार अपने जनाधार का विस्तार कर रही है और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

जाट-मुस्लिम से जाट-ब्राह्मण समीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि रालोद किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।

पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन से रालोद को हुए राजनीतिक लाभ और इस बार भाजपा के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुपम मिश्रा ने कहा कि पिछली बार गठबंधन का अधिक लाभ समाजवादी पार्टी को मिला था, न कि रालोद को। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार अपना दायरा बढ़ा रही है और उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारियां की जा रही हैं।

भाजपा के साथ संभावित सीट बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH