बिहार के सीवान जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। सड़क पर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जब बदमाशों ने बीजेपी के पूर्व एमएलसी और वरिष्ठ नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके भांजे हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सीवान के ढाला इलाके में बुधवार शाम की है। चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ सड़क किनारे कार खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी कार पर खरोंच आ गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और चंदन सिंह व उनके बेटे पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोली लगते ही दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदन सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




