लखनऊः भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से शानदार जीत दर्ज की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया पहली बार टेस्ट सीरीज खेल रही थी। रोहित को पिछले साल के अंत में पहले टी20 और फिर वनडे का कप्तान बनाया गया। इस साल उन्हें फरवरी में टेस्ट की कप्तानी सौंपी गई। रोहित जब से पूर्णकालिक कप्तान बने हैं तब से टीम इंडिया एक भी मैच नहीं हारी है। नेतृत्व करने में हिटमैन तो हिट हैं, लेकिन इस दौरान उनका बल्ला खामोश रहा है। 2022 में उन्होंने विराट कोहली से भी कम रन बनाए हैं।
रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की तीन पारियों में 90 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 30.00 का रहा है। उनसे ज्यादा रन भारत के चार बल्लेबाजों ने बनाए हैं। रवींद्र जडेजा ने 201, श्रेयस अय्यर ने 186, ऋषभ पंत ने 185 और हनुमा विहारी ने 124 रन बनाए। रोहित से कम रन रविचंद्रन अश्विन (87), विराट कोहली (81) और मयंक अग्रवाल (59) ने बनाए।




