National

संजय राउत को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह बोला- सिद्धू मूसेवाला वाला हाल करेंगे

मुंबई। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत को जान से मारने की धमकी मिली है। महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि राज्यसभा सांसद संजय राउत को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से एक धमकी भरा संदेश मिला है, जिसमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तरह उनकी हत्या करने की बात कही गई है। महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि संजय राउत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद और मुख्य प्रवक्ता संजय राउत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। पार्टी के मुताबिक, संजय राउत को शुक्रवार देर रात उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश मिला है, जिसमें उन्हें धमकी दी गई है। संदेश में चेतावनी दी गई है कि जब भी संजय राउत नई दिल्ली में दिखेंगे, उन्हें एके-47 राइफल से गोली मार दी जाएगी।

सांसद संजय राउत ने धमकी मिलने की जानकारी मुंबई पुलिस कमिश्नर को दी है। इससे पहले उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अपनी जान को खतरा बताया था। शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) के नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे ने कहा कि राज्य सरकार ने संजय राउत की सुरक्षा को हटा दिया है। गौरतलब है कि हाल ही में सुपरस्टार सलमान खान को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिली थी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH