National

वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर लाल डूडी का निधन, 2 साल से कोमा में थे

राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व सांसद रामेश्वर लाल डूडी का 62 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से कोमा में थे और करीब दो साल से इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है।

कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने फेसबुक पर भावुक पोस्ट लिखते हुए डूडी के निधन को राजस्थान के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि डूडी ने छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत की और हमेशा गरीब, किसान और वंचित वर्गों की आवाज उठाई। चौधरी ने लिखा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।”

रामेश्वर लाल डूडी का जन्म 1 जुलाई 1963 को हुआ था। उन्होंने राजनीति की शुरुआत छात्र संगठन NSUI से की और धीरे-धीरे बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने 1995 से 1999 तक नोखा प्रधान का पद संभाला। इसके बाद 1999 से 2004 तक बीकानेर से सांसद रहे और खाद्य एवं आपूर्ति समिति के सदस्य भी बने। 2005 से 2010 कर वे बीकानेर जिला प्रमुख रहे।

पत्नी हैं विधायक

2013 में डूडी ने विधानसभा चुनाव जीता और नोखा से विधायक बने। इसके बाद 2014 से 2018 तक उन्होंने राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद संभाला। साल 2022 में उन्हें राजस्थान राज्य एग्रो-इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया। उनकी पत्नी सुशीला डूडी इस समय नोखा से विधायक हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH