NationalTop News

केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन से मारपीट; एक आरोपी गिरफ्तार

केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। यह घटना वांडूर के चेल्लितोडु इलाके में रात के समय हुई, जब थरूर चुनाव प्रचार के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार कुछ लोगों ने थरूर के काफिले का पीछा किया और उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गनमैन के साथ गाली-गलौज की और बाद में उसके साथ मारपीट भी की। गनमैन ने ही इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रैफिक में फंसने के दौरान कार चालक द्वारा हॉर्न बजाने पर कुछ लोग भड़क गए और उन्होंने गाड़ी को रोककर विवाद शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने थरूर की कार को आगे से घेरकर रोक लिया और उनके साथ अभद्रता करने की कोशिश की। इस दौरान गनमैन ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उसे निशाना बनाया गया।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान उमर के रूप में हुई है, जो कालीकावु का रहने वाला बताया जा रहा है। इसके अलावा दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उन दो कारों को भी जब्त कर लिया है, जिनमें सवार होकर आरोपी आए थे। कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब शशि थरूर ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार के लिए वांडूर जा रहे थे।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस हमले के पीछे कोई राजनीतिक कारण था या यह महज सड़क विवाद का मामला है। शुरुआती जांच में यह भी संदेह जताया गया है कि हमलावर जानबूझकर विवाद खड़ा करने के इरादे से आए थे। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH