Sports

दिल्ली कैपिटल्स को झटका, कप्तान ऋषभ पंत पर लगा एक मैच का बैन

नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर एक मैच का बैन लग गया है। ऐसे में अब पंत अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे। पंत पर ये बैन स्लो ओवर रेट के चलते लगा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सात मई को दिल्ली कैपिटल्स की 20 रन की जीत के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के लिए पंत पर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस मैच के आखिरी ओवर में तय समय से 10 मिनट पीछे थी।

आईपीएल से जारी बयान के मुताबिक, “दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर सात मई 2024 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धीमी ओवर गति के कारण आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है।’”

दिल्ली की टीम को इससे पहले सत्र की शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स (31 मार्च) और कोलकाता नाइट राइडर्स (तीन अप्रैल) के खिलाफ धीमी ओवर का दोषी पाया गया था। आईपीएल के बयान के मुताबिक,‘‘न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह उनकी टीम का मौजूदा सत्र का तीसरा अपराध है, इसलिए ऋषभ पंत पर 30 लाख रुपये के जुर्माना लगाया गया है और एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया।’’ इस मामले में दिल्ली की टीम के अन्य खिलाड़ियों को पर भी इस मामले में जुर्माना लगाया गया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH