NationalTop News

सिक्किम के 50 साल पूरे: पीएम मोदी बोले – ‘पूरब का स्वर्ग’, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की झलक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे, जहां राज्य के गठन के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समापन समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिक्किम पहुंचते ही उन्हें एक अलग ही आनंद और उत्सव का माहौल महसूस हुआ, जिससे उनका मन खुशियों से भर गया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रात की बारिश, सुबह की ठंडक और खिली धूप इस राज्य को और खास बना देती है। उन्होंने सिक्किम को “पूरब का स्वर्ग” और “ऑर्किड्स का गार्डन” बताते हुए कहा कि यहां की शांति और आध्यात्मिकता का अनुभव बेहद विशेष है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब देश में कहीं-कहीं भाषावाद, प्रांतवाद और भेदभाव की राजनीति देखने को मिलती है, तब सिक्किम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की सजीव मिसाल पेश करता है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने अपने आयोजन से पूरे देश का दिल जीत लिया है और यह सच्ची देशभक्ति का उदाहरण है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार खराब मौसम के कारण वह सिक्किम नहीं पहुंच पाए थे और उन्हें बागडोगरा से ही वर्चुअली जुड़ना पड़ा था। इस बार यहां आकर वह उस कमी को पूरा कर पाए हैं। प्रधानमंत्री ने सिक्किम के लोगों की सादगी, सौम्यता और मुस्कान की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें हमेशा सुकून मिलता है। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान उन्होंने राज्य के कई प्रतिभाशाली लोगों, पद्म पुरस्कार विजेताओं, कलाकारों और खिलाड़ियों से मुलाकात की।

पीएम ने अपने रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि तिरंगे के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत था, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने सिक्किम की स्वच्छता की भी सराहना की और कहा कि यहां की साफ-सुथरी सड़कों और स्वच्छ वातावरण ने उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने लोगों को प्रकृति का सच्चा संरक्षक और “ब्रांड एंबेसडर” बताया।

राज्य सरकार की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में सिक्किम विकास और विरासत संरक्षण की दिशा में ईमानदारी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नॉर्थईस्ट भारत के लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि “अष्टलक्ष्मी” है। सरकार “एक्ट ईस्ट” के साथ-साथ “एक्ट फास्ट” नीति पर भी काम कर रही है, ताकि इस क्षेत्र का तेजी से विकास हो सके।

टूरिज्म को सिक्किम की बड़ी ताकत बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्रफल छोटा होने के बावजूद यहां देश की 25 प्रतिशत से अधिक फ्लोरा विविधता पाई जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है और बीते वर्षों में सैकड़ों किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH