EntertainmentTop News

गंभीर नसों की समस्या से जूझ रहे हैं सोनू निगम, दर्द और इलाज के बीच भी नहीं छोड़ा मंच

मशहूर पार्श्व गायक सोनू निगम इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सिंगर ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों को अपनी सेहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्दन की नसों से जुड़ी गंभीर समस्या के कारण उन्हें पिछले कई सप्ताह से लगातार इलाज कराना पड़ रहा है और वे काफी दर्द में हैं। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी मौजूदा स्थिति के बारे में खुलकर बात की। वीडियो में उनकी गर्दन पर पट्टी दिखाई दे रही है और उन्होंने बताया कि नसों पर दबाव बढ़ने के कारण उन्हें एमआरआई, सीटी स्कैन और नियमित फिजियोथेरेपी से गुजरना पड़ रहा है।

दर्द, दवाइयां और फिजियोथेरेपी के बीच जारी है इलाज

वीडियो में सोनू निगम ने कहा कि नसों की समस्या के कारण उन्हें काफी तकलीफ झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से वे लगातार मेडिकल निगरानी में हैं और दर्द से राहत पाने के लिए पेनकिलर्स तथा मसल-रिलैक्सेंट दवाइयां ले रहे हैं। सोनू ने कहा कि दवाइयों का असर उनके गले पर भी पड़ रहा है, जिससे उनकी आवाज भारी हो गई है। उन्होंने बताया कि लगभग एक महीने से अधिक समय बाद वह फिर से मंच पर प्रस्तुति देने जा रहे हैं और इस वजह से उनका आत्मविश्वास भी कुछ कम महसूस हो रहा है।

बीमारी के बावजूद निभाया प्रोफेशनल कमिटमेंट

स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद सोनू निगम ने अपने तय कार्यक्रमों को रद्द नहीं किया। उन्होंने मुंबई में आयोजित अपनी प्रस्तुति जारी रखने का फैसला किया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मंच पर प्रदर्शन के दौरान उन्हें ईश्वर से शक्ति मिलेगी। सिंगर ने यह भी बताया कि इलाज के दौरान उन्हें दर्दनाक फिजियोथेरेपी सेशन से गुजरना पड़ रहा है, लेकिन वे पूरी दृढ़ता के साथ इस चुनौती का सामना कर रहे हैं।

संगीत जगत का चमकता सितारा

सोनू निगम को संगीत जगत में पहला बड़ा अवसर 19 वर्ष की उम्र में मिला था। इसके बाद उन्होंने 1995 में लोकप्रिय संगीत कार्यक्रम ‘सा रे गा मा’ के जरिए घर-घर पहचान बनाई। हिंदी फिल्मों में पार्श्व गायन की शुरुआत करने के बाद उन्होंने कई भाषाओं में 5,000 से अधिक गाने गाए हैं। उन्हें फिल्म ‘कल हो ना हो’ के शीर्षक गीत के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। आज भी सोनू निगम देशभर में लाइव कॉन्सर्ट और संगीत कार्यक्रमों के जरिए अपने प्रशंसकों का मनोरंजन कर रहे हैं। हालांकि इस समय वह स्वास्थ्य चुनौतियों से जूझ रहे हैं, लेकिन उनके जज्बे और काम के प्रति समर्पण ने एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH