Top NewsUttar Pradeshमुख्य समाचारलखनऊ

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- यूपी में दौड़ रही अपराध की बुलेट ट्रेन

लखनऊः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दूसरे कार्यकाल में अपराधी पहले से ज्यादा निडर हैं, उन्हें पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं रह गया है। सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बैंक लूट, लॉकर चोरी, बलात्कार, गोलीकांड और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, प्रदेशवासी आतंकित है और चारों तरफ भय का वातावरण है।

सपा प्रमुख ने गिनाई कई अपराधिक घटनाएं

इन घटनाओं को भाजपा राज पर कलंक बताते हुए यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बदहाल है और मुख्यमंत्री जी दावे तो बड़े-बड़े करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि प्रशासन तंत्र पर उनका नियंत्रण ही नहीं रह गया है, एक तरह से उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का शून्यकाल चल रहा है।
अखिलेश ने कहा कि बदायूं में थाने के सामने व्यापारी की हत्या हुई और बलिया में प्रापर्टी डीलर की गला काटकर हत्या कर दी गई जबकि गोरखपुर में बासगांव थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में छः वर्षीय मासूम का शव बरामद हुआ। उन्होंने ने तंज कसा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो दल की कवायद कागजी साबित हुई है।
अपनी बात को बल देने के लिए पूर्व मुख्‍यमंत्री ने उदाहरण दिया, ”मेरठ में कई छात्राएं छेड़छाड़ की शिकार बनी। नोएडा में छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न होने से परेशान पीड़िता ने आत्मदाह कर जान दे दी। लखनऊ में घर में घुसकर शिक्षका से छेड़छाड़ की गई और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई।”