नई दिल्ली। यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और सपा विधायक हरिओम यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके साथ एक अन्य सपा नेता और पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह भी भगवा पार्टी में शामिल हो गए।
उत्तर प्रदेश भाजपा प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह, राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कांग्रेस और सपा नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।
स्वतंत्र देव सिंह ने नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इन तीनों नेताओं ने भाजपा की लोकप्रियता को देखकर भगवा पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है।