NationalTop News

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज, गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया

कर्नाटक में नेतृत्व बदलाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैय्यह मंगलवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु लौट आए, जबकि उपमुख्यमंत्री डी . के . शिवकुमार ने अपने कार्यक्रम में बदलाव करते हुए आज की बजाय कल सुबह दिल्ली से बेंगलुरु लौटने का फैसला किया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार सुबह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को सभी मंत्रियों को अपने आवास पर ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार भी दिल्ली से सीधे इस बैठक में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस अहम बैठक के बाद सिद्धारमैया अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

आज सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति कार्यालय और विधानसभा परिसर का दौरा प्रस्तावित है। यहां वे देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे। फिलहाल, पूरे दिन में उनका यही एकमात्र आधिकारिक कार्यक्रम तय किया गया है।

इधर, डीके शिवकुमार की ताजपोशी की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने कथित ढाई-ढाई साल के सत्ता हस्तांतरण फॉर्मूले पर सहमति बना ली है। अटकलें हैं कि सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार को कर्नाटक की कमान सौंपी जा सकती है, जबकि सिद्धारमैया को दिल्ली की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी या राज्यसभा भेजे जाने पर विचार हो सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। गौरतलब है कि 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें कई घंटों तक कर्नाटक नेतृत्व विवाद को लेकर मंथन चला।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH